उज्जैन में परिवार का एक संदिग्ध घर से भागा, 11 को जांच के लिए ले गए

इंदौर में 3 दिन से इलाज करा रही महिला की बुधवार दोपहर को मौत के बाद शहर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जानसापुरा और केडीगेट को पूरी तरह से सील कर दिया है। वहीं, मृतका के परिवार के 11 लोगों को जांच के लिए टीम लेकर आई है। वहीं, एक संदिग्ध भाग गया है। महिला उज्जैन के जानसापुरा क्षेत्र की रहने वाली थी, उसे 22 मार्च को सांस लेने में तकलीफ के चलते परिवार के लोगों ने चैरिटेबल हॉस्पिटल में भर्ती किया था। गंभीर हालत को देखते हुए उसे चैरिटेबल से माधवनगर अस्पताल भेजा गया था। यहां उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। उसके स्वाब और ब्लड का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। महिला को इंदौर एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया था। महिला की मंगलवार रात रिपोर्ट आई थी। 


सीएमएचओ डॉ. अनुसुइया गवली ने बताया कि जानसापुरा की 65 साल की महिला की 22 मार्च को तबीयत खराब होने पर भर्ती किया गया था। महिला में कोरोना का संक्रमण पाया गया है। वह संक्रमित कैसे हुई, उसके बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। महिला का इंदौर में इलाज चल रहा था। महिला के परिवार के 11 लोगों को भी जांच के लिए ले जाया गया है। बड़ा खतरा यह है कि एक संदिग्ध घर से भाग गया है। अगर वह दूसरों के संपर्क में आया तो संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। महिला के पॉजिटिव आने के बाद पुलिस ने जानसापुरा और केडीगेट को सील कर दिया है। अब न कोई अंदर आ सकता है और न यहां से जा सकता है।